DHANBAD: उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने शनिवार को धनबाद समाहरणालय स्थित जिला पुलिस मुख्यालय में प्रक्षेत्र के सात जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों, संगठित अपराध, साइबर क्राइम और लंबित कांडों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। आईजी महोदय ने अधिकारियों को अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में हजारीबाग डीआईजी अंजनी कुमार झा, धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत, बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष, गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार और चतरा एसपी अनिमेष नथानी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। धनबाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा, तथा हजारीबाग बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद भी बैठक में शामिल हुए।
नक्सल और संगठित अपराध पर विशेष नजर
जोनल स्तरीय समीक्षा के दौरान सातों जिलों में नक्सल गतिविधियों की वर्तमान स्थिति, संगठित गिरोहों की गतिविधियां और अपराधियों की निगरानी की स्थिति की जानकारी ली गई। पुलिस महानिरीक्षक ने सक्रिय एवं फरार अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए जिलों में चलाए जा रहे अभियानों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
बैठक में विभिन्न जिलों में लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई। साइबर अपराध, एससी-एसटी एक्ट, पॉक्सो, महिला अपराध और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामलों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। आईजी ने लंबित मामलों की जांच में तेजी लाते हुए समयबद्ध तरीके से कांडों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर प्रकृति के मामलों में अनुसंधान की गुणवत्ता के साथ-साथ आरोपियों की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
फरार अपराधियों और कुर्की वारंट पर सख्ती
पुलिस महानिरीक्षक ने सभी पुलिस कप्तानों को नियमित रूप से थानों का निरीक्षण करने और थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा करने का निर्देश दिया। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ लंबित कुर्की वारंटों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया। उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई को लगातार और प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
दुर्गापूजा में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए सभी जिलों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। आईजी महोदय ने पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो इसके लिए पुलिस की मौजूदगी और निगरानी प्रभावी रहनी चाहिए।
पेंशन और अनुकंपा के मामलों की भी समीक्षा
बैठक में सेवानिवृत्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों से संबंधित पेंशन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े मामलों तथा विभागीय कार्रवाई के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। आईजी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
समीक्षा के अंत में पुलिस महानिरीक्षक ने प्रक्षेत्र में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति को संतोषजनक बताया तथा अधिकारियों को इसी तरह समन्वय के साथ प्रभावी पुलिसिंग जारी रखने का निर्देश दिया।







