DHANBAD धनबाद धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर में सोमवार कि देर रात एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग झुलसकर घायल हो गए। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय प्रशांत कुमार उर्फ गोलू और 70 वर्षीय चिंता देवी के रूप में हुई है।

बताया गया कि प्रशांत कुमार उर्फ गोलू 15 दिन पहले पटना से अपनी नानी चिंता देवी के घर आया था। घटना के समय घर में कुल 15 लोग मौजूद थे। प्रथम तल्ले पर 8 लोग, दूसरे तल्ले पर 3 लोग और तीसरे तल्ले पर 4 लोग सो रहे थे। आग प्रथम तल्ले में लगी, जिससे घर में तेजी से धुआं फैल गया।
देर रात सभी लोग गहरी नींद में थे, तभी अचानक आग लगने से घर में चीख-पुकार मच गई। दूसरे और तीसरे तल्ले पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन धुआं अत्यधिक होने के कारण नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई। काफी मशक्कत के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन विभाग के अधिकारी की माने तो घर संकरी गली में होने के कारण दमकल गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि घर मुख्य गेट पर ताला लगा था, अन्यथा सभी की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि घर मे रूम हीटर लगा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से ही लगा होगा। जानकारी के अनुसार चिंता देवी अपने कमरे में हीटर चलाकर रात करीब 12 बजे सोई थीं, और करीब 1 बजे रात्रि को घर में आग लगने की सूचना अन्य लोगों को मिली।
इस हादसे में घर संचालक कुंदन का भांजा गोलू प्रसाद और उसकी नानी चिंता देवी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे दोनों की मौत हो गई। वहीं ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे छह लोग भी आग की चपेट में आ गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।







