RANCHI – (रांची): रांची के मांडर में बच्चों को स्कूल के जा रहीं बस पलट गई। इस घटना में एक दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना मांडर थाना क्षेत्र के ब्रांबे स्थित वाटर पार्क के पास की है। जानकारी के मुताबिक बस सेंट मारियस स्कूल की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सेंट मारियस स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी, इसी दौरान एक तीखे मोड़ पर बस अनियंत्रित हो गयी और सड़क किनारे एक खेत में पलट गयी। बस पलटते ही बच्चों में कोहराम मच गया और सभी चीखने चिल्लाने लगे। इसी बीच मामले की जानकारी स्थानीय लोगों को हुई, सभी घटनास्थल पर पहुंच मदद में जुट गए फिर घटना की जानकारी मांडर थाने को दी गयी। स्थानीय लोग और मांडर पुलिस ने साथ मिलकर बस का पिछला शीशा तोड़कर सभी बच्चों को बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद सभी बच्चों को एंबुलेंस और पुलिस वाहन में डालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जानकारी मिलते ही खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी भी अस्पताल पहुंचे। सबसे राहत की बात यह है कि बस में 16 बच्चे सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। हादसे में स्कूल बस के चालक व खलासी भी घायल हो गये है।बस में 16 बच्चे सवार थे, जिनमें से 15 बच्चे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं, एक बच्चे के सिर में चोट लगी है, इसलिए एहतियात के तौर पर उसका सीटी स्कैन कराया जा रहा है, ताकि अगर कुछ गंभीर हो तो दूसरे अस्पताल में इलाज कराया जा सके।

वहीं इस घटना पर मुख्यमंत्री ने भी दुःख जताया है और पुलिस अधिकारियों सहित अस्पताल प्रबंधन को बच्चों की समुचित इलाज करने का आदेश दिया।







