DUMKA : दुमका के जरमुंडी में एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां एक स्कॉर्पियो के साथ चालक भी जिंदा जल गया। स्कॉर्पियो में अचानक आग गई जिससे स्कॉर्पियो तो जला ही घटना में स्कॉर्पियो चालक के भी जल कर मौत हो जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल आग अपने आप लगी या लगाई गई है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। परिवार वालों का कहना है कि यह हत्या है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच जांच कर रही है की मामला क्या है। मृतक की पहचान चंदना गांव के मोहन दास के रूप में हुई है। घटना जरमुंडी थाना क्षेत्र के देवघर बासुकीनाथ मुख्य मार्ग के पास की बताई जा रही है।

घटना को लेकर बताया जाता है की मृतक भाड़े पर गाड़ी चलाता था। बुधवार की शाम दुमका के दुधानी गांव से एक परिवार वालों को स्कॉर्पियो से नोनीहाट यज्ञ मेला दिखाने लेकर गया था। रात अधिक होने के कारण वह एक होटल से खाना लिया। फिर भाड़े पर आए परिवार वालों को उसके घर छोड़,भाड़ेदार से पेट्रोल भरने के लिए कुछ पैसा लिया और फिर अपने घर की ओर चल दिया। इसी बीच रास्ते में ही उसकी गाड़ी में अचानक आग लग गयी। जिसमे वह जिंदा जल गया।

घटना के बाद लोगो का कहना है कि घटना देर रात की है। जिस जगह पर ये हादसा हुआ वहां से मृतक का घर कुछ ही दूरी पर था। वहीं घटना के बाद मृतक की पत्नी ने बताया कि उसके पति का मोबाइल देर रात से ही बंद था। तीन बजे के लगभग उसके पुत्र ने बताया कि स्कार्पियो जल रही है। उसके बेटे को किसी ने फोन कर स्कॉर्पियो जलने की जानकारी दी थी। इसके बाद पत्नी माधुरी ने मोहन के मोबाइल में बार बार फोन किया। एक मोबाइल स्वीच ऑफ बता रहा था और दूसरा हर बार व्यस्त बता रहा था। उसके बाद ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची फिर मामले की जांच में जुट गई।

घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि गाड़ी में आग पहले ही लग चुकी थी, इसके बावजूद चालक कुछ दूरी तक वाहन को चलाया। यही कारण है कि कुछ दूरी तक आसपास के पत्ते जले हुए मिले हैं। पुलिस जांच कर रही है की आग अपने आप लगी या कोई और बात है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।जांच के बाद मामला स्पष्ट हो जाएगा। वही घटना के बाद मृतक के परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।







