DHANBAD बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड कल्याणपुर के समीप रविवार को दोपहर टेलर संख्या एच आर 47 सी 5677 ने मारुति वैन संख्या जेएच 10 एजे 4165 जोरदार धक्का मारकर लगभग दो ढाई सौ फीट रगड़ते हुए भाग निकला। वैन में 7 लोग सवार थे जो अपने रिश्तेदार के साथ शादी तय करने जा रहे थे। घटना में मारुति वैन के चालक शमसाद अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अस्पताल ले जाने के और दो सगे भाइयों की भी मौत हो गई। साथ ही वैन में सवार अन्य 5 लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि सदलबल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया। थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि ने स्थानीय लोगों की मदद व कड़ी मशक्कत के बाद फंसे चालक शमसाद अंसारी को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेजवाया। वहीं भाग रहे टेलर को गोबिन्दपुर के समीप पुलिस को देख टेलर चालक टेलर छोड़कर भाग निकला। इसके बाद गोबिन्दपुर थाना प्रभारी रविकांत प्रसाद ने टेलर को जब्त कर सूचना बरवाअड्डा थाना प्रभारी को दी और गोबिन्दपुर थाना प्रभारी घटनास्थल कल्याणपुर पहूंचे। सूचना पर डीएसपी शंकर कामती घटनास्थल कल्याणपुर पहूंच कर घटना की जानकारी ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मारुति वैन सवार झरिया तिलावनी निवासी महेश्वर महतो अपने छोटे पुत्र नंदकिशोर महतो की शादी तय करने के लिए अपने सगे संबंधि विक्रम महतो, राजेन्द्र महतो, बंटी कुमार, मुकेश कुमार एवं गुजना कुमार के साथ राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर निवासी हारु महतो के घर जा रहे थे। इस दौरान कल्याणपुर के समीप टेलर ने मारुति वैन को जोरदार धक्का मारते हुए लगभग दो ढाई सौ फीट रगड़ते ले गया। घटना में मारुति चालक शमसाद अंसारी स्टायरिंग सीट में बुरी तरह दब गए जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं मारुति में सवार दो सगे भाई की भी मौत हो गई। जबकि अन्य 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।








