BETIYA : बेतिया में शराब तस्करी में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई है, युवक को गले और गाल पर गोली मारकर शव खेत में फेंक दिया गया। युवक की पहचान नौतन के रहनेवाला बुलेट पटेल के रूप में हुई है। शव के पास अवैध शराब भी पुलिस ने बरामद की है। फिलहाल मामला क्या है पुलिस जांच कर रही है।
घटना को लेकर बताया जाता है कि रविवार के सुबह जब गांव के लोग शौच के लिए सरेह की ओर जा रहे थे तो देखा कि एक युवक का शव खून से लथपथ खेत के कियारी पर पड़ा हुआ था। शव के पास शराब भी भारी मात्रा में फेंका हुआ था। युवक के गर्दन और गाल के पास गोली लगने का निशान था। शव को देखने के बाद गांव वालों ने उसकी पहचान कर ली। उसके बाद उसके परिवार वालों और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच शव और शराब को जब्त कर जांच में जुट गई।
घटना बैरिया थाना क्षेत्र के फुलियाखांड़ पंचायत पटखौली गांव की है। जहां शराब तस्कर बुलेट पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुलेट गंडक नदी के रास्ते यूपी से शराब लाकर बेतिया जिला के विभिन्न जगहों पर बेचने का काम करता था। वहीं दूसरे गुट के लोग भी उसकी क्षेत्रों में शराब की तस्करी करते थे। पुलिस ने मौके से चार बोरो में भरी शराब भी जब्त की है। संभावना है की शराब तस्करी को लेकर ही उसकी हत्या की गई है। फिलहाल घटना के बाद पूरे इलाके में सनी फैली हुई है। वहीं पुलिस का भी मानना है कि शराब तस्करों के गैंगवार में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है।
घटना को लेकर मृतक के भाई का कहना है कि हम रात में दूसरे जगह गए हुए थे। रात में मेरे भाई को बुलाया गया, उसके बाद खेत में ले जाकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अधिकारी मौके पर एफएसएल टीम के साथ जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक पर भी शराब के मामले लंबित है।







