DHANBAD : धनबाद सिटी सेंटर स्थित जियोमार्ट स्टोर के डिलीवरी बॉय ने ग्राहक पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. मारपीट से नाराज जिले के 4 स्टोरों में कार्यरत करीब 400 डिलीवरी बॉय ने सामूहिक स्ट्राईक कर दिया है. आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. बताया कि ग्राहक ने ऑनलाइन सामान ऑर्डर किया था. डिलीवरी बॉय निर्धारित समय पर मनईटांड इलाके में सामान लेकर पहुंचा. उसने कई बार ग्राहक को फोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ. इसके बाद डिलीवरी बॉय ने कंपनी के नियम अनुसार ऑर्डर कैंसिल कर दिया और सामान वापस जियोमार्ट सिटी सेंटर स्टोर में जमा कर दिया. कुछ देर बाद ग्राहक ने डिलीवरी बॉय को फोन कर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और धमकी दी कि या तो पैसा वापस करो या फिर सामान दो. डिलीवरी बॉय ने उसे बताया कि कंपनी के नियम अनुसार उसका पैसा रिफंड हो चुका है. इसके बावजूद ग्राहक 6-8 लोगों के साथ स्टोर पहुंचा और वहां मौजूद डिलीवरी बॉय पर बेल्ट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमले के बाद पीड़ित डिलीवरी बॉय ने धनबाद थाना में लिखित आवेदन दिया, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई.
डिलीवरी बॉय का कहना है कि वे दिन-रात मेहनत कर ग्राहकों तक सामान पहुंचाते हैं. इसके बावजूद यदि किसी छोटी-सी असहमति में उन्हें इस तरह पीटा जाएगा और पुलिस भी कार्रवाई नहीं करेगी, तो वे सुरक्षित कैसे महसूस करेंगे.इनका कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक हड़ताल जारी रखेंगे.







