DHANBAD : धनबाद के हीरापुर कोर्ट मोड़ स्थित रणधीर वर्मा चौक के समीप बुधवार को बिजली पोल में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वही सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई। गनीमत रही कि बिजली पोल के पास स्थित भूंजा और फल की दुकानें आग की चपेट में आने से बच गईं। वहीं, दुकान के ठीक पीछे रजिस्ट्री ऑफिस भी है, फिलहाल बिजली विभाग द्वारा शॉर्ट सर्किट के कारणों की जांच की जा रही है और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है ताकि स्थिति पूरी तरह सुरक्षित की जा सके।







