DHANBAD धनबाद : बनारस से धनबाद आ रही गंगा सतलज एक्सप्रेस में सफर कर रहे 35 वर्षीय दिवाकर कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सोमवार सुबह जीआरपी को सूचना मिली कि ट्रेन में एक यात्री बेहोशी की हालत में पड़ा है. सूचना मिलते ही जीआरपी टीम अलर्ट हो गई और ट्रेन धनबाद स्टेशन पहुंचते ही दिवाकर को नीचे उतारकर रेलवे अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस घटना को लेकर दिवाकर के चचेरे भाई गजेंद्र राम ने बताया कि करीब एक माह पहले दिवाकर के पिता का निधन हुआ था. इसके बाद वे बनारस गंगा स्नान के लिए गए थे. ट्रेन धनबाद स्टेशन पहुंचने से लगभग 10 मिनट पहले दिवाकर की तबीयत अचानक बिगड़ गई. आशंका है कि ठंड लगने या हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हुई होगी. घटना की जानकारी जीआरपी ने परिजनों को दी . जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की.
वहीं जीआरपी स्टाफ राकेश कुमार ने बताया कि बेहोशी की सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधन के साथ समन्वय कर तत्काल कार्रवाई की गई .यात्री को ट्रेन से उतारकर तुरंत अस्पताल भेजा गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा.मृतक दिवाकर कुमार धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया शंकर नगर का निवासी था.







