DHANBAD धनबाद : धनबाद पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को एंटी-क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऐसे रैकेट का भंडाफोड़ किया है जो पश्चिम बंगाल आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 के अभ्यर्थियों को लाकर परीक्षा से संबंधित आनेवाले प्रसन्न के उत्तर याद करवाने का कार्य हो रहा था। इसके लिये अभ्यर्थियों से 2 से 5 लाख रु की मोटी रकम लिया जा रहा था। यह सबकुछ झरिया क्षेत्र के लॉज में चल रहा था। पुलिस लॉज संचालक समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार 30 नवंबर को पश्चिम बंगाल आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 आयोजित थी। अभ्यर्थियों को इस परीक्षा से संबंधित आनेवाले उत्तर याद करवाने का कार्य धनबाद के झरिया स्थित बंधन लॉज और सम्राट लॉज में पिछले कुछ दिनों से चल रहा था।
इसी बीच 29 नवंबर को महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड रांची के आदेश पर धनबाद जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में झरिया थाना क्षेत्र के तिसरा जाने वाली सड़क पर घनुवाडीह पुल के पास एक संदिग्ध स्कॉर्पियो JH10BN2507 को पुलिस द्वारा रोका गया। वाहन में बैठे लोगों से पूछताछ के दौरान पता चला कि 30 नवंबर 2025 को पश्चिम बंगाल में आयोजित भर्ती परीक्षा 2025 में फर्जी तरीके से अभ्यर्थियों को पास कराने की एक संगठित रैकेट सक्रिय है।इसी फर्जीवाड़े में शामिल आरोपियों द्वारा झरिया थाना क्षेत्र स्थित लॉज में बंगाल राज्य के कई अभ्यर्थियों को रखा गया था, जहां उन्हें परीक्षा में पूछे जाने वाले संभावित प्रश्न व उत्तर रटवाए जा रहे थे। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने एक विशेष छापेमारी दल गठित किया और झरिया के बंधन लॉज पर धावा बोला। छापेमारी में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि छापामारी में अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र,मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र,आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्र,बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज,परीक्षा के प्रश्न-उत्तर से संबंधित लिखे नोट,कई डिजिटल सामग्री और मोबाइल बरामद हुए। रैकेट के मुख्य सदस्यों सहित कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसमे लॉज संचालक ऋषि राज भी पकड़ा गया है।
पुलिस को 273 अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र एवं उनसे जुड़ी अन्य सामग्रियाँ मिलीं हैं.धनबाद पुलिस ने समय रहते इस गिरोह को पकड़कर न केवल परीक्षा फर्जीवाड़े पर ब्रेक लगाया बल्कि सैकड़ों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ होने वाले छल को भी रोकने सफलता पायी है। पुलिस की जाँच अभी भी जारी है।पुलिस इस मामले में बड़े नेटवर्क होने की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है। गिरफ्तार 17 अपराधियों में लॉज संचालक ऋषि राज झरिया, सोनू कुमार धनसार के अलावे शेष सभी 15 अपराधकर्मी बंगाल के निवासी हैं।







