DHANBAD : धनबाद में एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा सामने आया जहां दिल्ली से हावड़ा जा रही पूर्वा एक्सप्रेस से गिरकर एक दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना धोकरा हॉल्ट से कुछ दूरी पर पोल संख्या 226/18 के पास हुई । जानकारी के अनुसार पति-पत्नी ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान दोनों वॉशरूम की ओर जा रहे थे तभी अचानक पति का संतुलन बिगड़ गया और वे गिरने लगे, पति को गिरता देख पत्नी ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन इस प्रयास में वह भी संतुलन खो बैठी और दोनों चलती ट्रेन से नीचे जा गिरे। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों को शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें आईं और वे घटनास्थल पर ही तड़पते रहे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो पाई है जिससे पुलिस को परिजनों तक सूचना पहुंचाने में कठिनाई हो रही है। जिला पुलिस को भी सूचना दी गई है।






