Paschim Bangal: आसनसोल में ईसीएल के चीनाकुड़ी दो नंबर कोलियरी के एक नंबर पीट में मंगलवार की दोपहर एक बड़ी घटना घटी, मरम्मति का काम करने के दौरान बीम टूटने से एक मजदूर नीचे खदान में गिर गया, जबकि एक मजदूर बीच में ही फंसा रह गया।नीचे गिरे मजदूर की मौत घटनास्थल पर ही हो गई,जबकि बीच में फंसे मजदूर को किसी प्रकार निकाल कर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन और मजदूरों ने काफी हो हल्ला मचाया। जिसके बाद स्थानीय पुलिस और सीआइएसएफ मौके पर पहुंच आक्रोशित लोगों को किसी प्रकार शांत कराया। मजदूरों का कहना है कि यह घटना ठेकेदार की लापरवाही से घटी है, जबतक मृतक के परिवारवालों को नौकरी और मुआवजा नहीं मिलती है तबतक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

घटना को लेकर बताया जा रहा है की चीनाकुड़ी के दो नंबर कोलियरी के एक नंबर पीट में करीब 100 फिट की ऊंचाई पर पांच मजदूर पिट की मरम्मति का कार्य कर रहे थे। उसी दौरान पीट पर लगा बीम टूट कर नीचे गिरा, जिसकी चपेट में दोनों मजदूर आ गए, एक मजदूर तो खदान के नीचे जा गिरा जबकि दूसरा बीच में ही लटक गया। उसे भी गंभीर हालत में किसी प्रकार निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। जबकि नीचे गिरे मजदूर की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं घटना की जानकारी जैसे ही मजदूरों और लोगों को हुई सभी काम बंद कर विरोध प्रदर्शन कर मुआवजे और नौकरी की मांग करने लगे। मृतक की पहचान अनिल यादव और आकाश बाउरी के रूप में हुई है।

घटना को लेकर मजदूरों का कहना है कि घटना जहां घटी है, वहां एक नंबर और दो नंबर पिट है, एक नंबर पिट के करीब 100 फिट की ऊचाई पर पांच ठेका मजदूर पिट की मरम्मति का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक से एक बड़े धमाके के साथ पिट पर लगा बीम टूटकर नीचे गिरा, जिसके चपेट मे आकर एक मजदूर खदान के नीचे जा गिरा जबकि दूसरा पिट पर लगी लोहे की रेलिंगों पर बुरी तरह टकराते हुए हवा में ही लटक गया। जिसे अस्पताल लाया गया जहां उसने भी दम तोड़ दिया। लोगों का यह भी आरोप था की पिट मे चल रहे कार्य का ठेका झारखंड (धनबाद) के किसी ठेकेदार को मिली थी, उक्त ठेकेदार ने पेटी कॉन्टेक्ट पर आसनसोल के किसी ठेकेदार को कार्य दे दिया था।

ऐसे मे सवाल यह भी उठ रहा है की जो ठेकेदार पेटी कॉन्टेक्ट पर पिट के कार्य को कर रहा था या करवा रहा था, उसमें शामिल मजदूर उस कार्य को करने मे कुशल थे, या फिर उस कार्य को करने वाले योग्य या कुशल मजदूर नही मिलने की वजह से अंट्रेंड मजदूरों से कार्य करवाया जा रहा था। इसके अलावा मजदूरों ने और भी कई आरोप ठेकेदार पर लगाए। वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंचे कुल्टी के भाजपा विधायक डॉक्टर अजय पोद्दार ने भी पिट पर कार्य करवा रहे ठेकेदार पर भी गंभीर आरोप लगाए है। उन्होने कहा वह इस घटना की उच्च स्तरीय जांच करवाने के लिए डीजीएमएस, इसीएल अधिकारी सहित कोल इंडिया व कोटला मंत्रालय तक जायेंगे।







