Bokaro : स्टील प्लांट में शनिवार सुबह 10 बजे गैस रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार प्लांट में मिथेन गैस का रिसाव हुआ है। हादसा हॉट स्ट्रिप मिल में हुआ,जहां काम कर रहे मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। गैस रिसाव होते ही वहां काम कर रहे मजदूरों की आंखों में जलन होने लगी। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अब स्थिति पर काबू पा लिया गया है। 6-7 कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इधर, डीसी ऑफिस की ओर से प्रेस रिलीज जारी कर कहा गया है कि बीएसएल प्लांट में गैस रिसाव की सूचना के बाद जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। 2-3 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। एंबुलेंस और फायर बिग्रेड टीम भी राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई है। बोकारो स्टील प्लांट के मिक्स्ड गैस पाइप लाइन जिससे हॉट स्ट्रिप मिल के री हीटिंग फ़रनेस में गैस सप्लाई की जाती है, उसमें आज सुबह पहले से ही तय प्रोग्राम के अनुसार मेंटेनस का काम चल रहा था। पाइप लाइन बंद था और इसमें कोई गैस नहीं थी। मेंटेनस के तहत एक compensator भी चेंज किया जाना था, जिसके लिए पाइप लाइन में कटिंग एवं वेल्डिंग का काम हो रहा था। वेल्डिंग से निकलने वाले चिंगारी से पाइप लाइन के अंदर जमा नाप्था सल्फर इत्यादि जो ज्वलनशील होता है, उसमें आग पकड़ ली और उसमें से काफ़ी धुआं निकल आया जो पाइप लाइन के माध्यम से हॉट स्ट्रिप मिल तक फ़ैल गया। इस कारण थोड़े समय के लिए अफरा तफरी हुई।

वही घटना को लेकर कुछ कर्मचारी ने कहा कि हॉट स्ट्रिप मिल में गैस लीक हुई है। इससे आंखों में जलन होने लगी। जिसके बाद कर्मचारी भाग खड़े हुए। आंख में जलन होने लगी। तेज बदबू की वजह से परेशान हो गए तो हम लोग काम छोड़ बाहर निकल आए। वहीं जानकारी के अनुसार प्लांट में गैस रिसाव की बदबू आवासीय कॉलोनी तक पहुंच गई थी। आवासीय परिसर के लोगों ने भी कहा कि गैस की बदबू यहां भी आ रही थी, लेकिन धीरे-धीरे बदबू कम हो गई। फिलहाल जिला प्रशासन की तरफ से लोगों को बताया गया है की घबराने की बात नहीं है, सब कुछ सामान्य है।








