RANCHI : रांची में आज एक बड़ा हादसा हो गया रातू के काठीटांड़ शिव मंदिर के समीप सोमवार की सुबह चैती छठ पर्व में अर्घ्य देने पिकअप वैन से जा रहे थे तभी पिकअप वैन और ट्रेक्टर में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो महिला और एक बच्ची की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि कई लोगों के घायल हो गए है। सभी घायलों का इलाज रातू के सीएचसी में चल रहा है।घटना उस समय हुई जब पिकअप वैन सभी छठ व्रतियों को लेकर रातू बड़ा तालाब की ओर जा रहा था। इसी बीच काठीटांड़ शिव मंदिर के समीप एक बाइक सवार को बचाने में पिकअप वैन को डिवाइडर की ओर घुमा दिया। पिकअप वैन डिवाइडर पर चढ़ उधर से आ रही एक ट्रैक्टर से जा टकराई। उसके बाद तो मानों वहां कोहराम मच गया। सुबह होने के कारण लोगों की आवाजाही कम थी। लेकिन पुलिस की पीसीआर और मोबाइल टाइगर के जवान वहां मौजूद थे, जिन्होंने तत्काल सभी को गाड़ी से नीचे उतारा और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा। अगर समय पर पुलिस नहीं रहती तो और कई लोगों की जान जा सकती थी। घटना के बाद घटनास्थल पर सभी के बीच चीत्कार मच गई।उसके बाद लोगो की भीड़ जुटी और परिजनों को ढांढस दिया। फिलहाल पुलिस सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच में जुट गई है।








