GAYA : गया सदर एसडीओ ऑफिस में तैनात एक होमगार्ड जवान सुजीत कुमार ने जब मिलने से रोका तो कैची से हमला कर हत्या कर दिया। घटना शनिवार शाम की है। होमगार्ड जवान की दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर सुन सभी सकते में आ गए। आनन फानन में जिले के ऊंच अधिकारी मौके पर पहुंच जांच में जुट गए। इसके साथ ही एसएसपी ने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज का मुआयना कर आरोपित की पहचान कर पुलिस ने तीन घंटे के अंदर ही गांधी मैदान के पास समीप से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से हमला में प्रयुक्त कैंची और गमछा भी जब्त किया गया है।

घटना के बाद शनिवार की देर शाम सिविल लाइंस थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मारुफगंज मुहल्ले के रहनेवाले विनोद सिंह के रूप में की गयी है। फिलहाल विनोद सिंह व होमगार्ड सुजीत के बीच किसी प्रकार के विवाद की बात सामने नहीं आयी है। लेकिन आरोपित विनोद सिंह से बातचीत में ऐसा लगा कि उसका व्यवहार व बातचीत करने का तरीका लोगों से हट कर है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी किसी काम को लेकर सदर एसडीओ कार्यालय आया था और सदर एसडीओ कार्यालय में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान होमगार्ड जवान ने उसका विरोध किया, तो दोनों तरफ से तू-तू मैं-मैं हुई। इस दौरान होमगार्ड जवान ने उस व्यक्ति को एक दो थप्पड़ भी जड़ दिया।
उसके बाद फिर वह व्यक्ति होमगार्ड जवान पर कैंची से हमला कर दिया। हमला के बाद भी होमगार्ड जवान को ऐसा नहीं लगा कि वह बहुत ज्यादा लहूलुहान है। जख्मी होने के बाद भी वह आरोपी को वहां से भगाने लगा। लेकिन थोड़ी देर के बाद होमगार्ड जवान के शरीर से ज्यादा खून बह गया और वह बेहोश होकर गिर गया। जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है और शव का पोस्टमार्टम करा कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। पीड़ित परिजनों को संबंधित मुआवजे को लेकर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।
सदर अनुमंडल कार्यालय में दिनदहाड़े होमगार्ड जवान की हत्या के बाद कार्यालय में मातमी सन्नाटा छा गया। सदर एसडीओ कर्मियों ने बताया कि होमगार्ड सुजीत कुमार पहले चरण के संपन्न लोकसभा चुनाव में ड्यूटी पूरी कर एसडीओ से मिलने कार्यालय पहुंचे थे। हार्ट का ऑपरेशन होने के कारण दूसरे चरण के चुनाव में नहीं जाने के लिए एसडीओ से मिलने आये थे। इसी दौरान यह घटना घट गई।







