NAWADA : बिहार के नवादा के चातर हॉल्ट के समीप रविवार को एक भीषण हादसा हुआ। यात्रियों को लेकर जा रहीं एक ऑटो मालगाड़ी से टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी की ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इस टक्कर में ऑटो पर सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना उस समय घटी जब ऑटो रेलवे ट्रैक को पार कर रहा था की मालगाड़ी की चपेट में आ गई। घटना नेमदारगंज थाने के चातर हाल्ट की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार जानकारी के अनुसार मृतक ब्यूटी अपने भाई की शादी में मायके आर्यन गांव आई हुई थी। 18 अप्रैल को भाई की शादी खत्म होने के बाद रविवार को सुबह सभी लोग चल दिए। इसी दौरान रास्ते में देव स्थान ककोलत जल प्रपात स्नान करने सभी चले गए। ककोलत से स्नान कर सभी ऑटो से घर लौट रहे थे, तभी चातर हॉल्ट के समीप अवैध फाटक को पार करने के दौरान ऑटो मालगाड़ी की चपेट में आ गई। घटना के बाद ऑटो में चीख पुकार मच गई। आसपास के गांव वाले दौड़ कर सभी को किसी प्रकार ऑटो से बाहर निकाला। इस दौरान एक महिला की मौत हो चुकी थी। जबकि छह से सात लोग गंभीर है, उन्हें तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया। जहां दो की हालत गंभीर बताई जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के है। हादसे में ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचीं पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज जांच में जुट गई। घटना की जानकारी देते हुए रेलवे आरपीएफ के एक अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि नवादा के केजी रेलखंड पर चातर हाल्ट के समीप रेलवे क्रॉसिंग पार करने के दौरान एक सवारी से भरी ऑटो मालगाड़ी से टकरा गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य महिला और एक बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने घंटों रेल सेवा बाधित कर दिया। आक्रोशित लोगों का कहना था कि अगर रेलवे फाटक होती तो यह घटना नहीं घटती। इसके बाद रेलवे अधिकारियों द्वारा समझा-बुझा कर रेल यातायात को बहाल किया गया। घटना के बाद कई ट्रेन जहां की तहां खड़ी थी बाद में लाइन सुचारू रूप से चालू कर दिया गया।








