HAJARIBAG : हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र के हार्नगंज में स्थित मशहूर होटल अरण्या विहार में बुधवार की सुबह एक शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह थी की कुछ ही घंटों में आग पुरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया और सब कुछ जलाकर खाक कर दिया। बताया जा रहा है कि इस आगलगी की घटना में लगभग 60 लाख रूपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। सूचना मिलने के बाद जब तक अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ी पहुंची, तबतक आग ने पूरी तरह से होटल को तबाह कर दिया था। आग की भयावता को देखते हुए दो दमकल की गाड़ी और फायर फाइटर पहुंचे, तब कहीं जाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की भयावता को देखते हुए आसपास के मुहल्ले में अफरातफरी मच गई थी।

घटना को लेकर बताया जाता है की 23 अप्रैल की रात को होटल में शादी थी। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद बुधवार की सुबह बाराती और शराती निकल गए थे। इसके आधे घंटे बाद यह घटना घटी। होटल में टेंट, कैटरर, विद्युत सज्जा, साउंड बुकिंग था, उनके समान भी जल कर खाक हो गए।

आपको बता दें कि होटल अरण्य विहार के ठीक पीछे स्कूल भी था। जहां बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे स्कूल को तो कोई नुकसान नहीं हुआ। लेकिन आग लगने से होटल का करोड़ों का नुकसान हुआ है। यह शादियों का सीजन था, ऐसे में कई शादियां होती, लेकिन सब कुछ तबाह और बर्बाद हो गया।







