BOKARO : बोकारो में पुल निर्माण कंपनी से 10 लाख रूपये रंगदारी मांगनेवाला पहुंचा सलाखों के पीछे। पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले दो युवकों को देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ किया गिरफ्तार। मामला 10 अप्रैल का है जब गोमियां के चतरो चट्टी थाना क्षेत्र स्थित केकैया नदी पर लगभग 5 करोड़ की लागत से बन रहे उच्चस्तरीय पुल निर्माण में लगी कंपनी नारायण कंस्ट्रक्शन से फोन से लेवी मांगने वाले दो युवकों को बोकारो सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने चतरो चट्टी से गिरफ्तार किया, अपराध में शामिल तीसरा युवक अभी फरार है। पुलिस लगातार उसकी खोजबीन में जुटी है।

कंपनी के मालिक द्वारा अनजान मोबाइल नंबर से फोन कर लेवी मांगने की लिखित शिकायत पुलिस के पास करने के बाद गठित टीम ने मामले का उद्भेदन किया है। गठित टीम चतरो चट्टी थाना क्षेत्र के चतरो चट्टी और तिस्कोपी में छापेमारी कर दो स्थानीय युवकों आजम शेख और राजू करमाली को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आजम शेख के घर से एक रिवाल्वर और दो जिंदा कारतूस सहित लेवी मांगने में प्रयुक्त मोबाइल को सिम कार्ड समेत बरामद किया है।
गिरफ्तार दोनों में से एक युवक आजम शेख 6 माह इसी साईट पर वेल्डर के पद पर कार्य कर चुका है। बोकारो के सिटी डीएसपी ने कहा की ये अपराधी है और पूर्व में भी इनका अपराध का रिकॉर्ड रहा है।








