BAGODAR : गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा कॉलेज के समीप मंगलवार की दोपहर जवानों से भरी एक बस असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। जिसमें एक जवान की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दर्जन भर जवान घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत जवान की पहचान विकास भगत के रूप में की गई है। फिलहाल घटना के बाद गिरिडीह एसपी समेत कई आलाधिकारी मौके पर पहुंच बचाव कार्य में लगे हुए है।

घटना को लेकर बताया जाता है की सभी आईआरबी के जवान गिरिडीह से गढ़वा जा रहे थे, बस में कुल 40 जवान सवार थे। इसी दौरान बस घाघरा कॉलेज के समीप असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। शिखर ट्रेवल्स नामक बस जीटी रोड़ डुमरी की तरफ से बगोदर आ रही थी, तभी बस का चालक एक बाइक को बचाने के क्रम में असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़ गयी और बस का टायर फटने से बस पलट गयी। इस घटना में बस में सवार एक पुलिस जवान की मौके पर ही मौत हो गयी, वही बस में सवार दर्जन भर जवान घायल हो गए। जिनका इलाज चल रहा है।

जैसे ही जवानों से भरी बस पलटी क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। लोगों भी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई और सभी जवानों को बचाने में जुट गए। घटना के तत्काल बाद घायल जवानों को अस्पताल भेज सभी को भर्ती कराया गया। वहीं जानकारी के बाद बगोदर पुलिस सहित गिरिडीह एसपी मौके पर पहुंच बचाव कार्य में लग गए। कुछ जवानों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया। वहीं गंभीर घायल जवानों को रांची रिम्स भेज दी गई है। मामूली रूप से घायल जवानों का इलाज बगोदर अस्पताल में किया जा रहा है।








