CHATRA : चतरा जिले के कई इलाके में आज पहली बार वोटिंग हुई है। चतरा के राजपुर थाना क्षेत्र के घोर नक्सल प्रभावित पथेल और गडिया गांव में आजादी के बाद पहली बार वोटिंग बूथ बनाए गए हैं। नक्सल प्रभावित इलाका होने की वजह से गांव के कई लोग कभी वोट नही डाल पाते थे। पूर्व में ग्रामीणों को केंदुआ शहोर गांव जाकर वोटिंग करना पड़ता था। ग्रामीण बताते हैं कि 10 से 12 किलोमीटर की दूरी होने की वजह से ग्रामीणों को काफी तकलीफ होती थी और वोट भी नहीं करने जा पाते थे।

ग्रामीणों की माने तो ये गांव बिहार और झारखण्ड का बॉर्डर इलाका है। चारों ओर पहाड़ों से घिरे इस गांव में सड़क तक नहीं होती थी, इस साल पहली बार गांव में सड़क बनी है और 2 बूथ बनाए गए हैं। भारी संख्या में पुलिस जवानों के तैनाती के बीच गांव में मतदान कराया गया है। ग्रामीण कहते हैं कि अब जब गांव वालों ने पहली बार मताधिकार का उपयोग किया है तो अब उम्मीद है कि गांव में विकास भी होगा।

इधर मतदान के दौरान बूथ पर पहुंचे हजारीबाग के डीआईजी, एसपी और सीआरपीएफ 190 बटालियन के कमांडेंड ने कहा कि पहली बार इस रिमोट इलाके में वोटिंग हो रहा है। ग्रामीणों के बीच सुखद अनुभव है कि वो अपने गांव में पहली बार वोटिंग कर पा रहे हैं। यह जिला प्रशासन के लिये अपने आप मे बड़ी उपलब्धि है।








