JAMTARA : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह झारखंड दौरे में जामताड़ा पहुंचे। उन्होंने जामताड़ा विधानसभा के मेझिया दुर्गा मंदिर मैदान में चुनावी महा विजय संकल्प जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने दुमका लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन को जीत दिलाने के लिए लोगों से वोट मांगा। वहीं महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सोरेन परिवार की बहू को सम्मान नहीं दिया है। इसलिए भाजपा ने सीता सोरेन को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले पांच चरणों की मतदान में भाजपा ने 310 सीट पार कर ली है। बाकी दो चरणों में होने वाले चुनाव में भाजपा 400 पर का नारा भी पूरा कर लेगी।

सभा के दौरान शाह ने कहा कि झारखंड में घुसपैठ एक बहुत बड़ा मुद्दा है और यदि इसे नहीं रोका गया तो आदिवासियों की जमीन व जंगल दोनों खतरे में पड़ने वाले हैं। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और झामुमो के लिए झारखंड सिर्फ एक ATM की तरह है। अटलजी की याद दिलाते हुए भाजपा को झारखंड के सपनों को साकार करने वाली पार्टी बताया।

उन्होंने कहा, ‘भाइयों-बहनों देश की बड़ी-बड़ी योजनाएं झारखंड से लॉन्च करने का काम नरेन्द्र मोदी जी ने किया। 5 लाख रु तक का मुफ्त इलाज करने वाली आयुष्मान भारत योजना, लोन दिलाने वाली मुद्रा योजना और पीएम जनमन अगला योजना झारखंड की धरती से ही लॉन्च की गई। जब तक झारखंड का विकास नहीं होगा देश का विकास नहीं होगा। भारतीय जनता पार्टी झारखंड राज्य के स्वप्न को साकार करने वाली पार्टी है। भारतीय जनता पार्टी भगवान बिरसा मुंडा के सपनो का भारत बनाने वाली पार्टी है। झारखंड बनाने का काम अगर किसी ने किया तो वो भाजपा के नेता व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने किया। अमित शाह ने झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, हेमंत सोरेन और मंत्री आलमगीर आलम ने झारखंड में घुसपैठ कराकर आदिवासियों के खिलाफ लव जिहाद, लैंड जिहाद और फॉरेस्ट जिहाद कराया है। गरीब आदिवासियों की जमीन बेच डाला और कहते है की उन्हें जेल में डाल दिया गया। अरे जो गरीब की जमीन बेच कर अमीर बनना चाहता है उसकी जगह जेल में नहीं तो और कहा होगी। आप सोच-समझकर वोट करें, ताकि झारखंड में घुसपैठ को रोका जा सके और आपकी रक्षा हो सके। इन दिनों झारखंड में पशु तस्करी जोरों पर है, लेकिन भाइयों बहनों आप को विश्वास दिलाता हूं कि जिस दिन झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी पशु तस्करी बंद हो जाएगी।








