DUMKA : पीएम मोदी मंगलवार को दुमका पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सबसे पहले सिद्धो कान्हों और चांद भैरव जैसे वीर शहीदों को नमन किया और कहा कि ये वीर शहीदों की धरती है। यहां पर आई यह भीड़ बता रही है कि एक बार फिर हमारी सरकार आ रही है। इसके बाद पीएम मोदी ने झामुमो-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा कि ये पार्टियां फिर से सत्ता में आना चाहती हैं ताकि एक बार फिर से घोटाला कर सकें।आज यहां के चर्चे खूबसूरत पहाड़ों, जंगल की वजह से नहीं, बल्कि नोटों के पहाड़ से हो रही है। चार जून के बाद एक बार फिर भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई और तेज होगी। आप लोगों ने उस समय मोदी को आशीर्वाद दिया था तब पूरा देश कांग्रेस के कुशासन से तंग और परेशान हो चुका था।

इतने के बाद भी प्रधानमंत्री मोदी रुके नहीं उन्होंने कहा कि झामुमो वालों ने जमीन हड़पने के लिए अपने माता-पिता का नाम बदल दिया। ये गरीबों और आदिवासियों की जमीन कब्जा कर रहे है और तो और इन लोगों ने तो सेना की जमीन को भी नहीं छोड़ा। अब इन लोगों से झारखंड को मुक्ति दिलानी ही होगी। आज झामुमो और कांग्रेस वालों के यहां नोटों के पहाड़ पकड़े जा रहे हैं। ये पैसा कहां से आ रहा है? ये पैसा आ रहा है शराब के घोटाले से टेंडर के घोटाले से खान-खनिज के घोटाले से।

सभी विपक्षी धमकी देते हैं कि मोदी को हटाना है। क्योंकि, वो फिर से घोटाले कर सकें। आप इंडी गठबंधन को गरीबों को हक लूटने देंगे क्या? ये लोग झारखंड को हर तरफ से लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्हें पहले की सरकारों ने पूछा तक नहीं उन्हें मोदी ने पूजा है। हमने गरीबों का जीवन बदला है, जो काम दस साल में हुआ अब अगले पांच साल उसे और आगे बढ़ाना है। अगले पांच सालों में तीन करोड़ माताओं-बहनों को लखपति दीदी बनाने का संकल्प है। सरकार बनने के बाद तीन करोड़ और मकान बनवाऊंगा। ये लोग जहां-जहां सत्ता में आए, आदिवासी समाज और उनकी संस्कृति खतरे में पड़ गई। इन्हें आदिवासी समाज के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। क्योंकि, इनके लिए सिर्फ वोट बैंक जरूरी है। नक्सलवाद, घुसपैठ और तुष्टीकरण इनके हथियार हैं। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन की देशविरोधी राजनीति का एक खतरनाक फॉर्मूला सांप्रदायिक राजनीति करना, तुष्टीकरण की राजनीति करना, अलगाववादियों को संरक्षण देना और आतंकवादियों का बचाव करके उसका विरोध करना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इंडी जमात वाले धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मैं एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण की रक्षा करने की बात करता हूं तो इन्हें मिर्ची लग जाती है। यदि उन पर हिन्दू-मुसलमान करने का आरोप लगा दो तो इन्हें मिर्ची लग जाती है। उल्टा वे मुझे कहते हैं कि मैं हिन्दू-मुसलमान कर रहा हूं।







