JAMTARA : दुमका लोकसभा सीट पर झामुमो प्रत्याशी की जीत से उत्साहित झारखंड के पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने बुधवार को जामताड़ा में एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा की मैंने अपने सभी चुनावी भाषणों में सीना ठोक कर कहा था कि दुमका लोकसभा सीट से झामुमो की जीत पक्की है। मेरा यह भरोसा जामताड़ा के जनता को लेकर थी। मुझे विश्वास था कि यहां की जनता हमारे साथ है। इस जीत के लिए मैं समस्त जामताड़ा जिला वासियों का धन्यवाद करता हूं।

उन्होंने कहा कि जनता ने हमारे भरोसे की लाज रख ली। इस जीत के लिए उन्होंने समस्त लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं के साथ विशेष कर जामताड़ा जिला के मतदाताओं को बधाई दी और धन्यवाद भी दिया। अपने बयान में मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि जामताड़ा मीडिया का भी भरपूर सहयोग हमें मिला है, जिसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने स्थानीय कांग्रेस विधायक डॉ इरफान अंसारी का विशेष धन्यवाद किया और कहा कि उनके भी अथक प्रयास का परिणाम है कि जामताड़ा में हमने भारी बहुमत प्राप्त किया। जामताड़ा की जनता ने साबित कर दिया कि आज भी वह ढिशोम गुरु शिबू सोरेन के कर्मभूमि को उतना ही चाहते हैं, जितना अपने परिवार को चाहते हैं।
उन्होंने झामुमो और कांग्रेस पार्टी के जिला कमेटी के सभी सदस्यों, प्रखंड कमेटी, पंचायत कमेटी, बूथ कमेटी, नौजवान कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं सहित अन्य सभी का धन्यवाद किया और जीत की बधाई दी।







