JAMTARA : जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना के थाना प्रभारी सुरेश दुबे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमे वे जेएमएम के विजय जुलूस में जमकर झूमते हुए नजर आ रहे है। बताया जा रहा है कि जेएमएम से दुमका लोकसभा प्रत्याशी नलिन सोरेन की जीत पर बुधवार की शाम को कुंडहित थाना क्षेत्र में जेएमएम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकला था। विजय जुलूस कुंडहित मोड़ से निकला था, जो बाजार का भ्रमण करते हुए पुराना स्टेट बैंक तक पहुंचा। जिसमे थाना प्रभारी सुरेश दुबे शराब के नशे में जमकर झूमते नजर आए। वैसे खबर 24 भारत इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

वही इस वीडियो के वायरल होने के बाद बीजेपी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण प्रभाकर ने हमला बोला है। उन्होंने पुलिसकर्मी पर झामुमो कार्यकर्ता की तरह काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने ये वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा है कि “जामताड़ा जिला के नाला क्षेत्र के कुंडहित में झामुमो के विजय जुलूस में थाना प्रभारी सुरेश दुबे नशे में जमकर झूमे। क्या यह प्रमाण नहीं कि दुमका लोकसभा में कई पदाधिकारी झामुमो कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे थे।

वीडियो में देखा जा सकता है कि थाना प्रभारी अपने चेहरे पर गुलाल लगाए हुए हैं और वे जेएमएम कार्यकर्ता साथ खूब डांस कर रहे हैं। दरअसल दो दिन पहले ही लोकसभा चुनाव का रिजल्ट जारी हुआ है। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र दुमका लोकसभा के अंदर आता है। दुमका में झामुमो के नलिन सोरेन विजयी हुए हैं। इसी खुशी में झामुमो समर्थक खुशी मना रहे थे। ये वीडियो उसी दौरान का बताया जा रहा है।








