GIRIDIH: आसनसोल के रानीगंज में सेनको ज्वेलरी शाॅप में आज दिनदहाड़े डाका डालकर फरार हो रहे अपराधी को गिरिडीह पुलिस ने धर दबोचा। अपराधी डाका डालने के बाद कार से भाग रहे थे की बंगाल पुलिस ने गिरिडीह पुलिस को इसकी सूचना दी। उसके बाद गिरिडीह पुलिस अलर्ट हो गई। तभी अपराधी तेज रफ्तार से गिरिडीह सीमा में घुसे।पुलिस को देखते ही अपराधी गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी। पुलिस को भी मामला समझते देर नहीं लगी और वह भी कार के पीछे लग गई। घटना की मुनेटरिंग खुद गिरिडीह एसपी दीपक शर्मा कर रहे थे। अपराधी जैसे ही अपने पीछे पुलिस को देखी गाड़ी की रफ्तार और तेज कर दी। घंटों तक पुलिस और अपराधियों के बीच यह खेल चलता रहा। लेकिन गिरिडीह पुलिस ने अपराधी का पीछा नहीं छोड़ा और अंततः अपराधी को गिरिडीह पुलिस ने धर दबोचा।

आप को बताते चले कि आज यानि रविवार को आसनसोल के रानीगंज में अपराधियों ने सेनको ज्वेलरी शाॅप में लाखों रुपए के जेवरात लूट कर फरार हो गए।इस दौरान पुलिस से अपराधियों की मुठभेड़ भी हुई और एक अपराधी को गोली भी लगी। इसके बावजूद अपराधी भागने में कामयाब हो गए। अपराधी कोलकाता-दिल्ली हाइवे पर चार पहिया वाहन से भाग निकले। बंगाल पुलिस ने गिरिडीह एसपी को बताया कि अपराधी कार पर भाग रहे हैं। ऐसे में गिरिडीह एसपी को मामले में त्वरित कार्रवाई करने का पुलिस को निर्देश दिया। एसपी खुद घेराबंदी में जुटे रहे। गिरिडीह एसपी ने सबसे पहले डुमरी एसडीपीओ को टॉल प्लाजा की घेराबंदी करने का निर्देश दिया। जिसके बाद पुलिस टोल पर आकर सभी गेट को बंद कर दिया। पुलिस अपराधियों के वाहन का इंतजार करने लगी, इस बीच एक हरे रंग की कार तेज रफ्तार से पहुंची और 18 नंबर टोल गेट को तोड़ते हुए बगोदर की तरफ भाग निकली। इस बीच एसपी दीपक शर्मा भी वहां पहुंच गए। इसके बाद एसपी ने तुरंत ही सरिया बगोदर पुलिस को मार्ग अवरुद्ध करने के निर्देश दिया। निर्देश पर बगोदर थाना प्रभारी ने गिरिडीह-हजारीबाग के बॉर्डर अटका में दोनों मार्ग पर ट्रक को खड़ा कर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया।

अटका पहुंचने के बाद जब अपराधी अपने आप को फंसते देखा तो वे फिर पीछे की तरफ गाड़ी घूमा भागने लगे। अब लगा कि अपराधी पकड़े जाएंगे. इसी अपराधी ने अपनी कार को अटका के पास से घूमा लिया और डुमरी की तरफ भागने लगे। डुमरी की तरफ आता देख डुमरी थाना प्रभारी ने भी अपनी सरकारी गाड़ी को घुमाया और अपराधियों का पीछा करना शुरू कर दिया। वहीं डुमरी पुलिस ने कुलगो टॉल के पास जीटी रोड के दोनों मार्ग पर ट्रक खड़ा कर जाम कर दिया। अब अपराधी घिर गए लेकिन फिर अपराधियों ने पुलिस को चकमा दे दिया और वाहन को वापस बगोदर की तरफ घूमा दिया। अब फिर से एसपी के नेतृत्व में गिरिडीह पुलिस अपराधियों के कार के पीछे हो ली। पुलिस से घिरता देख अपराधी कार को लेकर सरिया थाना इलाके में प्रवेश कर गए लेकिन यहां भी एसपी दीपक के निर्देश पर तैनात सरिया इंस्पेक्टर-थानेदार ने अपराधियों के कार को घेरना शुरू कर दिया। ऐसे में वाहन से उतर कर अपराधी भागने लगे, दो अपराधी भाग गए पर एक दबोच लिया गया। पकड़े गए अपराधी की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी सूरज कुमार सिंह के रूप में हुई है। सूरज के साथ वाहन पर सवार दो अपराधी बरही के तरफ भागे हैं जिनके पीछे हजारीबाग की पुलिस लगी हुई है।

इधर घटना के बाद गिरिडीह एसपी दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि पश्चिम बंगाल में डकैती कर भाग रहे एक अपराधी को गिरिडीह पुलिस की टीम में गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधी का नाम सूरज कुमार सिंह है जो गोपालगंज का रहने वाला है। जिस वाहन पर अपराधी भाग रहे थे उसे भी पकड़ लिया गया है। एसपी ने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है।







