AARAH : आरा के नवादा थाना के बहिरो गैस एजेंसी के समीप एक युवक की गोली मारकर हत्या कर देने का एक सनसनी खेज मामला प्रकाश में आया है। युवक अपने दोस्तों के साथ घर से यज्ञ देखने निकला था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल घटना के बाद से सभी आरोपी दोस्त फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।

घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार मृत युवक बहिरो मोहल्ला का रहने वाला था। युवक का नाम साहिल उर्फ भोला पासवान के रूप में हुई है। साहिल टाउन हाई स्कूल में इंटर का छात्र था। मृतक के परिवार वालों ने बताया कि रविवार की रात आठ बजे वह अपने तीन दोस्तों के साथ पास के गोठउला गांव में यज्ञ देखने के लिए गया हुआ था। देर रात वह घर नहीं आया तो हम लोग उसे ढूंढने के लिए निकले। लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल पाया। सोमवार को सुबह बालू ढोने वाले ट्रैक्टर चालकों ने उसके शव को देखा और इसकी जानकारी वे लोग मोहल्ला के लोगों को दी। घटना की जानकारी के बाद जब हम लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि मेरे बेटे के गर्दन के पीछे गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उसके बाद इसकी सूचना हम लोगों ने नवादा थाना पुलिस को दी।

मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि मेरे बेटे की हत्या उसके दोस्तों ने की है। जो घटना के बाद से सभी फरार भी हैं। मेरे बेटे की हत्या क्यों की गई जानकारी नहीं है। वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे नवादा थाना के अधिकारी ने बताया कि हम लोगों को जानकारी मिली कि एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मृतक के शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज छानबीन में जुटी हुई है। फिलहाल घटना के कारण की स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पुलिस अनुसंधान और अन्य स्रोतों से यह पता लगाने में जुटी हुई है कि इसमें कौन-कौन शामिल हैं और हत्या किस वजह से की गई है।







