DHANBAD : चुनाव आदर्श आचार संहिता खत्म होने के बाद धनबाद कोयलांचल में एक बार फिर कोयला तस्करी का खेल शुरू हो गया है। पुटकी थाना क्षेत्र के एकड़ा पुल स्थित सड़क किनारे से सीआईएसएफ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 90 टन अवैध कोयला लोड दो हाईवा संख्या क्रमश: JH 10 CS 1871, JH 10 CK 2367 और एक पे लोडर वाहन JH 05 AY 2911 को जब्त किया है।

CISF ने जब्त वाहनों को पुटकी थाना को सौप कर वाहन चालक, मालिक और कोयला तस्करो पर कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत की है। इसे लेकर पुटकी थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने कहा की वाहन मालिक और चालक पर मामले दर्ज कर लिया गया है, तस्कर की पहचान कर मामला दर्ज किया जाएगा। बताया जाता है की करीब एक महीने से यहां अवैध कोयले का कारोबार चल रहा है। पास के सिंह नेचुरल आउट सोर्सिंग और वासुदेवपुर आउट सोर्सिंग से चोरी का कोयला इकट्ठा किया जाता है फिर रात के अंधेरे में पे- लोडर के माध्यम से हाईवा वाहन और ट्रक में कोयला लोड कर भेजा जाता है। इधर सीआईएसएफ के छापेमारी से कोयला तस्करो में हड़कंप मचा हुआ है।

इधर वाहन को छुड़ाने और मामला दर्ज नही हो इसके लिए पैरवी लगाया जा रहा है। सूत्रों की माने तो छापेमारी की कार्यवाई के कुछ घंटे बाद फिर से कोयला स्टॉक सुरु कर दिया गया है। जिससे साफ पता चलता है की कोयला तस्करों का मनोबल कितना बढ़ा हुआ है। माना जाता है की इस कोयले के काले खेल में कोयला तस्करों का खांकी और खादी से जबरदस्त गठजोड़ रहता है। जिससे धनबाद कोयलांचल में डंके की चोट पर कोयला का काला खेल चल रहा है जिससे बीसीसीएल और राज्य सरकार को नुकसान हो रहा है।








