NAWADA : बिहार के नवादा के कौआकोल थाना क्षेत्र के भलुवाही गांव के एक घर में तीन महिलाओं का शव संदिग्ध हालत में पाया गया। शव मां और दो बेटियों का था। गांव में तीनों का शव मिलने की खबर के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच सभी शवों को कब्जे ले लेकर जांच पड़ताल कर रही है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक कौआकोल के भलुवाही बाजार में सेवानिवृत्त इंजीनियर स्व. नियाज अहमद का घर है। घर में उनकी पत्नी आमना खातून अपनी दो बेटियों शिक्षिका शबाना खान एवं मंजू खातून के साथ रहती थी। लेकिन एकाएक गुरुवार को तीनों का शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया। तीनों शव घर के अंदर अलग अलग कमरे में पाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार शव को देखने से ऐसा लगता है कि तीनों की मौत तीन चार दिन पूर्व ही हुई है। लोगों को जानकारी तब हुई जब घर के अंदर से दुर्गंध आ रही थी। उसके बाद लोग घर के नजदीक गए तो दुर्गंध तेज थी। किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था। जिसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उसके बाद इसकी सुचना पुलिस ने अपने अधिकारियों को दी, जिसके बाद एसडीपीओ महेश चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंच जांच में जुट गए है।

फिलहाल, पुलिस के अधिकारी अभी कुछ भी बताने से इंकार कर रहे है। पुलिस ने फारेंसिक टीम को बुलाया है। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस किसी को भी घर के अंदर जाने नहीं दे रही है। वही इस घटना को लेकर जितनी मुंह उतनी बात हो रही है। यह बात भी सामने आ रही है कि दोनों बहनें अविवाहित थी। मां के साथ रहती थी। चर्चा ऐसी भी है की अभी कुछ दिन पहले ही इन लोगों ने 15,16 लाख रुपये में कुछ जमीन बेची थी। आशंका है की कहीं इन्हीं कारणों से तो नहीं घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है, पुलिस के जांच में ही सामने आ सकेगा की मामला हत्या का है या आत्महत्या का या फिर कोई और वजह थी।







