GIRIDIH : गिरिडीह पुलिस ने देवरी थाना के चतरो गांव निवासी एवम ग्रामीण चिकित्सक डॉ लक्ष्मण दास के पुत्र पवन दास के अपहरणकांड में शामिल छह अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपराधियों के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल के साथ 3 कारतूस, अपहरण में इस्तेमाल की गई कार, अपहृत युवक पवन कुमार दास की बाइक के साथ कुल 4 बाइक, 6 मोबाइल फोन सेट बरामद किए हैं। इसकी जानकारी गिरिडीह के एसपी दीपक कुमार शर्मा ने गुरुवार एक प्रेस कान्फ्रेंस कर दी।
गिरिडीह एसपी ने बताया कि पुलिस ने जिन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, उनमें इस गिरोह का सरगना देवरी थाना क्षेत्र के संजय पासवान भी शामिल है। अन्य पांच के नाम संजय राम, महेश कुमार वर्मा, सद्दाम अंसारी, राजकुमार वर्मा और मो मुजफ्फर हैं। इन लोगों ने 13 जून को देवरी थाना के चतरो निवासी डॉ लक्ष्मण दास के पुत्र पवन दास का अपहरण कर लिया था। अपराधियों ने उसे उस वक्त अपहरण किया था जब वह अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। मामले को लेकर डॉ लक्ष्मण दास की लिखित शिकायत देवरी थाना में दर्ज कराया था। इसके बाद एसपी ने एसडीपीओ नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया।
इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 12 घंटे के भीतर अपहृत पवन कुमार दास को मोटरसाइकिल सहित बिरनी के पेशम जंगल से सकुशल बरामद कर लिया था। अपहरण में इस्तेमाल की गई कार को भी पुलिस ने बरामद कर ली थी। इसके बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से घटना में लिप्त सभी अपराधकर्मियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अपराधियों ने अपहरण में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। अभियुक्तों के निशानदेही पर ही घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गये। इसके अलावा तीन मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए है। एसपी ने बताया कि छापेमारी के क्रम में बरामद हुई कार अपराधियों ने 4 जून 2024 को पचंबा थाना क्षेत्र से लूटी गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी अपराधियों के आपराधिक इतिहास हैं।







