AARAH : बिहार के आरा में एक बार फिर अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर डाली। घटना चांदी थाना क्षेत्र के रतनपुर बथानी गांव की है। जहां शुक्रवार की रात अपराधियों ने आपसी विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर डाली। घटना के बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैली हुई है। सूचना मिलते ही चांदी थाना घटनास्थल पर पहुंच मृतक के परिजनों से मिल घटना की जानकारी ली। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से गोली का तीन खोखा बरामद किया है।

घटना के संबंध में बताया जाता है की मृतक का नाम शत्रुघ्न यादव है। उधर मृतक के परिजनों का कहना है की शुक्रवार की रात उसका भाई टहल रहा था, वहीं आरोपी युवक भी अपने साथियों के साथ मौजूद था। गांव के स्कूल के पास किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद उनका भाई स्कूल से घर पर आ गया। तभी आरोपी युवक अपने अन्य साथियों के साथ हाथ में हथियार लेकर उनके घर पर चढ़ उनके भाई पर फायरिंग करने लगे। जिसमें गोली लगने से उसके भाई की मौत हो गई। उसके बाद युवक के घर में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही चांदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंच घटनास्थल से तीन खोखा बरामद कर जांच में जुट गई। पुलिस की माने तो शत्रुघ्न यादव और कौशल यादव के बीच आपस में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान कौशल यादव के द्वारा शत्रुघन यादव के ऊपर दो गोली चला दी। जिससे उसकी मौत हो गई।अभियुक्त की पहचान कर ली गई है। पुलिस अभियुक्त कौशल यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के पीछे जो भी कारण है। उसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद से पुरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।







