LATEHAR : लातेहार के चंदवा स्थित सरकारी स्कूल में शनिवार को टंकी का दूषित पानी पीने से 20 बच्चे बीमार हो गए। जैसे ही पानी पीने के बाद बच्चों को उल्टी, पेट में दर्द की शिकायत स्कूल के शिक्षक को मिली, स्कूल में कोहराम मच गया। आनन फानन में सभी बच्चों को इलाज के लिए चंदवा स्थित स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां सभी बच्चों का इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार स्कूल में छत के ऊपर टंकी में पानी रहता था। उसी टंकी से नीचे नल लगा हुआ था, जिससे बच्चे पानी पीते थे। शनिवार को स्कूल आए कई बच्चों ने नल से पानी पिया। पानी पीने के कुछ देर बाद ही बच्चो को पेट में दर्द, उल्टी होने लगी। उसके बाद स्कूल में कोहराम मच गया। शिक्षक समझ नही पा रहे थे की आखिर क्या हुआ। एक साथ कई बच्चों को बीमार पड़ता देख शिक्षकों ने तुरंत इसकी सूचना नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को दी। उसके बाद चिकित्सक एवं कर्मी स्कूल पहुंचे और सभी बच्चों को एंबुलेंस से चंदवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

मामले को लेकर अस्पताल के चिकित्सक का कहना है कि 20 बच्चों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति ठीक है। एक बच्चे की हालत गंभीर है। इस घटना की जानकारी जैसे ही बच्चों के परिजनों को हुई, सभी अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद स्कूल के पानी टंकी की जांच की जा रही है की किसी ने टंकी में कोई संदिग्ध वस्तु तो नहीं डाली है। वहीं घटना की जानकारी के बाद शिक्षा विभाग के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए है।







