SIWAN : सीवान में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक कलयुगी पुत्र ने जमीन विवाद में अपनी मां और भाई को मौत के घाट उतार दिया। वहीं पिता गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। घटना सीवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलेथा गांव का है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि बलेथा गांव के शिवनाथ शाह अपने घर पर थे। जबकि उनका छोटा पुत्र सूरज कुमार पिकअप पर सामान लोड कर कहीं जा रहा था। उसी समय सूरज का बड़ा भाई अवधेश आया और उससे झगड़ने लगा। दोनों भाइयों में बात इतनी बढ़ गई कि अवधेश ने चाकू निकालकर अपने भाई पर हमला कर दिया। जैसे ही दोनों की मां भाइयों को लड़ते देखा वह बचाने आई तो अवधेश ने मां पर भी चाकू से हमला कर दिया। फिर बीच बचाव करने आए पिता को भी नहीं छोड़ा और उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में मां और भाई की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। जैसे ही घटना की जानकारी गांव वालों को हुई इलाके में कोहराम मच गया। कलयुगी पुत्र इतना पागल हो गया था की अगर गांव के लोग किसी तरह से आकर उसके पिता को नहीं बचाते तो उनकी भी हत्या कर देता। घायल अवस्था में स्थानीय लोगों ने घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी अवधेश को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
घटना को लेकर मृतक की बहन ने बताया कि बड़ा भाई बाहर रहता था। पांच छह माह पूर्व गांव आया था। इस बीच घर में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। अवधेश हमेशा जमीन को लेकर मां, पिता और भाई को जान से मारने की धमकी देता था। गुरुवार को इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में तकरार हुई और मामला इतना बढ़ गया कि एक भाई ने मां,भाई को मौत के घाट उतार पिता को जिंदगी और मौत से जूझने को छोड़ दिया।
वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची मुफ्फसिल थाना की पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जल्द से जल्द दोषी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







