RANCHI : झारखंड की बागडोर एक बार फिर संभालने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान विश्वास मत हासिल कर लिया। सोरेन ने अपने पक्ष में 45 विधायकों के वोटों के साथ विश्वास मत जीता। इससे पहले हेमंत सोरेन ने 4 जुलाई को रांची के राजभवन में झारखंड के 13 वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

हेमंत सोरेन ने सोमवार को अपने पक्ष में 45 विधायकों के वोटों के साथ विश्वास मत जीता। हेमंत सोरेन भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लगभग पांच महीने बाद झारखंड उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आए थे। सोरेन के गिरफ्तारी के बाद सीएम पद की कमान संभालने वाले चंपई सोरेन ने शपथ लेने के पांच महीने बाद ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिससे एक बार फिर हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री बनने की संभावना बन गई थी।
विश्वास मत हासिल करने के बाद उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही मैं यहां आपके सामने बैठा हूं। हम हमेशा जनता की आवाज बनेंगे। कार्यभार संभालने से फिर से काम होगा। हेमंत सोरेन के सीएम के रूप में वापसी से झामुमो को मजबूती मिलेगी, जिसने लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल झारखंड में तीन सीटें जीती थीं। 2019 में झामुमो ने कांग्रेस और लालू प्रसाद की राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ा और 81 सदस्यीय सदन में सैंतालीस सीटों के साथ आरामदायक बहुमत हासिल किया।







