RANCHI : झारखंड विधानसभा में सोमवार को विश्वास मत हासिल करने के बाद अब हेमंत सोरेन के 11 नए मंत्रियों ने राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। वहीं पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस के तरफ से बादल पत्रलेख की जगह दीपिका सिंह पांडेय को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। जबकि पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की जगह इरफान अंसारी को मंत्री बनाया गया। वहीं जेएमएम कोटे से बैद्यनाथ राम को भी मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। जबकि जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी कोटे से सभी पुराने मंत्रियों को शपथ दिलाई गई।
मंत्रीमंडल विस्तार में चौंकाने वाला मामला यह आया कि हेमंत सोरेन के छोटे भाई और पूर्व मंत्री बसंत सोरेन का नाम कट गया। हेमंत सोरेन कैबिनेट में पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने सबसे पहले पद और गोपनीयता की शपथ ली।उसके बाद रामेश्वर उरांव, सत्यानंद भोक्ता, बैद्यनाथ राम, दीपक बिरुवा, बन्ना गुप्ता, इरफान अंसारी, मिथिलेश ठाकुर, हफीजुल हसन अंसारी, बेबी देवी और दीपिका सिंह पांडेय को शपथ दिलाई गई। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने इन मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राजभवन में आयोजित हुई शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर, जेएमएम प्रमुख शिबू सोरेन समेत सत्ताधारी दल के कई सांसद और विधायक भी मौजूद थे।







