DHANBAD : झरिया थाना के चौथाई कुल्ही में सोमवार की रात तेज रफ्तार से गाड़ी नहीं चलाने की बात कहना एक युवक को महंगा पड़ गया। युवक अपने घर के पास था कि उसी समय अपराधी प्रवृति का युवक अपने दस बारह युवकों के साथ पहुंचा और युवक को सिर में गोली मार दी। गोली मारने के बाद सभी भागने लगे, तबतक लोगों ने एक युवक को धर दबोचा। उसके बाद घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच युवक को गिरफ्तार कर जांच में जुट गई। वहीं घायल युवक की स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे दुर्गापुर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। बताया जा रहा है की डॉक्टरों की टीम ने सफल ऑपरेशन किया है।

बताया जाता है कि झरिया के चौथाई कुल्ही तिवारी मंदिर के समीप अमन रवानी के चाचा खड़े थे। तभी एक युवक तेज रफ्तार से वाहन लेकर गुजरा। तभी अमन के चाचा से युवक को रोककर समझाया कि मोहल्ला में तेज रफ्तार से गाड़ी मत चलाओ किसी को भी लग सकता है। लेकिन अपराधी किस्म का युवक उनसे उलझ गया। जिसके बाद मोहल्ला के लोग जुट गए और उक्त युवक को वहां से डांट फटकार कर भगा दिया।
उसके बाद युवक अपने दस बारह युवकों के साथ पहुंच पूरे मोहल्ले में कोहराम मचाना शुरू कर दिया। जबतक लोग जुटते तबतक अपराधी युवक ने अमन को सिर में सटा कर गोली दाग दी। उसके बाद पूरे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। गोली लगते ही अमन गिर गया। उसके बाद सभी युवक भागने लगे की एक युवक को मोहल्ला की महिलाओं ने धर दबोचा। लेकिन अन्य सभी फरार होने में सफल रहे। घटना के तत्काल बाद घायल युवक को झरिया के एक नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया गया। असर्फी में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दुर्गापुर मिशन अस्पताल रेफर कर दिया। जहां वह मौत और जिंदगी से जूझ रहा है।
वहीं घटना की जानकारी के बाद सिंदरी DSP सहित झरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंच युवक को हिरासत में लेकर जांच में जुट गई। गिरफ्तार युवक को लेकर बताया जाता है कि वह अपराधी किस्म का है। फिलहाल पुलिस युवक और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी हासिल करने में जुटी हुई है।







