RANCHI : रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के मोरहाबादी रजिस्ट्री ऑफिस के समीप सरेशाम एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृत की पहचान कतरनी नामक युवक के रूप में हुई है। जबकि हत्या करने वाला का नाम गिरी नेपाली है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घटना को लेकर बताया जाता है कि शनिवार की शाम को कतरनी और गिरी नेपाली के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। बात इतनी बढ़ गई की गिरी नेपाली ने कतरनी की गर्दन पर पीछे से हमला कर दिया। सरेशाम इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गर्दन पर चाकू लगने से कतरनी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जख्मी हालत में आनन- फानन में रिम्स में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद लालपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच आरोपी गिरी नेपाली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है की गिरी नेपाली और कतरनी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था की ऐसी नौबत आ गई की उसकी हत्या करनी पड़ी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच में जुटी हुई है।







