MUNGER : बिहार में सुशासन बाबू के राज्य में हत्या, लूट, रंगदारी मानों आम बात हो गई है। अपराधियों का मनोबल सर चढ़ कर बोल रहा है। तभी तो पटना के दानापुर खगौल में शादी समारोह के दौरान दो लोगों की हत्या हुए अभी 12 घंटे भी नहीं हुए की अपराधियों ने मुंगेर में दो युवकों की दिनदहाड़े हत्या कर पुरे इलाके में सनसनी फैला दी।

दोनो युवक कार में थे और मुफ्फसिल थाना के संगीता होटल के पान मसाला खाने के लिए रूके थे। तभी अचानक दो बाइक सवार अपराधी आए और दोनों को गाेलियों से भून कर पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों की पहचान मनजीत मंडल एवं चंदन के रूप में हुई। घटना के बाद स्थानीय लोग सड़क जाम कर विरोध कर रहे है। पुलिस फिलहाल सभी को समझाने में जुटी है।

बाइक से आए अपराधियों ने दोनों पर अंधाधुंध फायरिंग कर उतारा मौत के घाट
घटना को लेकर होटल संचालक ने बताया कि वह अपने होटल में बैठा था। तभी बाहर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वह बाहर निकाला तो देखा कि दो अपराधी होटल के पास लगी कार में अंधाधुंध गोलीबारी कर रहे है। हमलोग कुछ समझ पाते तबतक अपराधी दोनों को गोलियों से छलनी कर फरार हो गए। जबकि होटल कर्मी ने बताया कि एक कार होटल के बाहर आकर रुकी, युवक ने पैसा देकर पान मसाला लाने को कहा। उसने कार में सवार दोनों युवकों को पान मसाला दिया तथा वापस लौट आया। इसके बाद दो अपराधी बाइक पर सवार होकर कार के आगे बाइक लगा दी। बाइक से उतरते ही दोनों अपराधी कार में बैठे दोनों पर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। इसके बाद पिस्टल निकालकर श्री कृष्णा सेतु की ओर भाग निकले।

पुलिस सीसीटीवी के सहारे अपराधियों तक पहुंचने की कर रही कोशिश
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी सहित कई थानों की घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की छानबीन में जुट गई। गाड़ी के अन्दर खून के धब्बे और गाड़ी में कई मोबाइल पड़े हैं। पुलिस ने घटनास्थल से 12 खोखा बरामद किया है। घटना पर एफएसएल की टीम पहुंच रही है। पुलिस होटल सहित आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है। जबकि क्षेत्र में नाकाबंदी कर जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक में एक युवक का भी अपराधिक इतिहास रहा है।।







