JAMSHEDPUR : झारखंड के चक्रधरपुर में मंगलवार तड़के लगभग 3:40 बजे हावड़ा से मुंबई जाने वाली ट्रेन चक्रधरपुर के आगे बड़ा-बंबू स्टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस हादसे में जहां दो लोगों की मौत हो जाने की खबर आ रही है, वहीं बीस से ज्यादा लोग घायल है। घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर से राहतकर्मियों कि टीम के साथ रेल अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार मुहैया करवाया जा रहा है, दुर्घटनास्थल से यात्रियों को ले जाने के लिए रेलवे ने स्पेशल कोचिंग रेक और बसों की भी व्यवस्था की है। जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में 14 बोगी पटरी से उतर गई है। जहां यह रेल हादसा हुआ है, वहां पहले से एक मालगाड़ी डिरेल हुई थी, जिसके डिब्बे पटरी पर ही थे। इसी दौरान पीछे से आ रही हावड़ा-मुंबई मेल की मालगाड़ी से टक्कर हो गई। जिसके कारण कई डब्बे पटरी से उतर गए।

घटना को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे के ट्रेन प्रबंधक, मोहम्मद रेहान ने बताया कि तड़के करीब 3.39 बजे ट्रेन पटरी से उतर गई। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। जिनका इलाज कराया जा रहा है। बचाव और राहत कार्य में सभी लोग लगे हुए है। घटना उस समय हुई, जब डाउन लाइन पर एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई थी।उस दौरान हावड़ा -सीएसएमटी एक्सप्रेस 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। जो मालगाड़ी से टकरा गई और दुर्घटना घटी। रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया गया है। रेल हादसे के बाद अबतक कई ट्रेनों को रद्द किया गया है। वहीं अन्य ट्रेनों के रूट को छोटा किया गया है।

वहीं इस हादसे को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ‘एक और विनाशकारी रेल दुर्घटना! हावड़ा-मुंबई मेल आज सुबह झारखंड के चक्रधरपुर डिवीजन में पटरी से उतर गई। मैं गंभीरता से पूछती हूं कि क्या यही शासन है? कब तक हम इसे बर्दाश्त करेंगे? क्या भारत सरकार की संवेदनहीनता का कोई अंत नहीं होगा? मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। दुर्घटना स्थल पर चार बसें भेजी गईं हैं, ताकि फंसे हुए यात्री को टाटानगर से दूसरी ट्रेन से हावड़ा के लिए रवाना किया सके। वहीं दो मेमो ट्रेनें भी भेजी गई हैं, एक चक्रधरपुर से और दूसरी टाटानगर से।

इस घटना पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए तत्काल घायलों के इलाज की व्यवस्था करने को कहा है। साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों तक हर जरूरत की हर मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था करते हुए सूचना देने का भी निर्देश दिया है।
रेलवे द्वारा जारी किए हेल्पलाइन नंबर
टाटानगर- 06572290324
चक्रधरपुर- 06587 238072
राउरकेला- 06612501072, 06612500244
हावड़ा- 9433357920, 03326382217
रांची- 0651-27-87115.
एचडब्ल्यूएच हेल्प डेस्क- 033-26382217, 9433357920
एसएचएम हेल्प डेस्क- 6295531471, 7595074427
केजीपी हेल्प डेस्क- 03222-293764
सीएसएमटी हेल्पलाइन ऑटो नंबर- 55993
पी एंड टी- 022-22694040
मुंबई- 022-22694040
नागपुर- 7757912790
हादसे के बाद राहत-बचाव अभियान में जुटी टीम ने 80 प्रतिशत यात्रियों को बस से चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा दिया है। बाकी बचे हुए यात्रियों को भी घटनास्थल से स्टेशन भेजने के लिए एक बचाव ट्रेन को घटनास्थल पर भेजा गया है।







