DHANBAD : डीएसपी मुख्यालय 2 संदीप गुप्ता ने शुक्रवार को पूर्वी टुंडी एवं टुंडी थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएसपी ने पदाधिकारियो के साथ समीक्षा बैठक कर थानों मे दर्ज मुक़दमों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया। पुलिस पदाधिकारियो को सम्बोधित करते हुए लंबित मुक़दमों की जांच में तेजी लाने और तय समय में चार्जशीट समर्पित करने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त दुष्कर्म, महिला व बाल उत्पीड़न एवं POCSO एक्ट के तहत दर्ज़ मामले को गंभीरता पूर्वक निर्धारित अवधि में जांच पूरी कर रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया गया। डीएसपी ने माननीय न्यायालय द्वारा निर्गत वारंट व कुर्की के आदेश को यथाशीघ्र तमिल करने को कहा। बैठक में अधिकारियों को कानून व्यवस्था को पुख्ता और प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने थानों में पेंडेंसी कम करने, भगोड़े अपराधियों की धरपकड़ तेज करने सहित मादक पदार्थों की तस्करी/बिक्री करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र डीएसपी ने दोनों थाना प्रभारी को क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने व चुनाव के मद्देनज़र नक्सल गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पाठशाला जागरूकता अभियान के तहत शिक्षा के प्रसार प्रचार करने, नए कानून के बारे में लोगों को जागरूक करने, साइबर अपराध के रोकथाम में सहयोग करने एवं डायन बिसाही व अन्धविश्वास को समाज से दूर करने पर जोर देने को कहा।







