DHANBAD : धनबाद विधायक राज सिन्हा पर भारतीय जनता पार्टी ने चौथी बार विश्वास जताया और एक बार फिर धनबाद विधानसभा के लिए प्रत्याशी बनाया है। टिकट लेकर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली से धनबाद लौटने पर विधायक राज सिन्हा को सैकडो समर्थकों ने धनबाद स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों के साथ माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। जिसके बाद राज सिन्हा ने धनबाद में डीआरएम चौक स्थित भीमराव अंबेदकर, गांधी सेवा सदन में महात्मा गांधी, रणधीर वर्मा चौक पर रणधीर प्रसाद वर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दिए।

इस दौरान उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ता और धनबाद की जनता को धन्यवाद दिया। धनबाद विधानसभा की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की और समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। कहा झारखंड में यदि भाजपा की सरकार बनती है, तो हमारी प्राथमिकता संगठित अपराध को समाप्त करना होगी। धनबाद की जनता को मैं यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि मैंने जो आधारभूत संरचना खड़ी करने का संकल्प लिया है, उसे जरूर पूरा करूंगा। उन्होंने कहा कि धनबाद विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं जैसे गलियों और मोहल्लों की सड़कें, नालियों की समस्या और पानी की समुचित व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। उनका उद्देश्य क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं को पूरा करना और धनबाद के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।







