DHANBAD : झरिया विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्णिमा नीरज सिंह ने गुरुवार को नामांकन दाखिल किया। उन्होंने निर्वाची पदाधिकारी सह लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले वे सैकड़ों समर्थकों के साथ डीसी ऑफिस पहुंची थी। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि जो अधूरे काम बाकी हैं उसे पूरा करना पहली प्राथमिकता होगी। नामांकन करने के बाद पूर्णिमा सिंह खुद से गाड़ी चला कर अपने आवास रघुकुल के लिए निकली।
भाकपा माले नेता अरूप चटर्जी ने किया नामांकन पत्र दाखिल

भाकपा माले नेता अरूप चटर्जी ने भी आज निरसा विधानसभा से अपना नामांकन दाखिल किया। वे निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम सफलाई जियाउल अंसारी के समक्ष नामांकन पत्र भरा। उनके साथ काराकाट के सांसद, पत्नी, और माले के सैकड़ों कार्यकर्ता साथ में नामांकन करने पहुंचे थे। मीडिया से बात करते हुए माले सांसद और अरूप चटर्जी ने कहा कि इस बार निरसा विधानसभा ओर सिंदरी विधानसभा सीट पर माले जीत हासिल कर इंडिया गठबंधन को और मजबूत करने का काम करेंगे।
टुंडी विधानसभा से जेएमएम के मथुरा प्रसाद महतो ने किया नामांकन

वही टुंडी से जेएमएम प्रत्याशी मथुरा महतो ने आज जिला समाहरणालय में निर्वाची पदाधिकारी सह एलआरडीसी दिलीप कुमार महतो के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।
मथुरा प्रसाद महतो 2019 चुनाव में भी इस सीट से जीत हासिल की थी। इस बार भी वह अपने जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त दिखे है। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारे विधानसभा क्षेत्र पानी बिजली सड़क समेत कई तरह की समस्याओं का निदान अभी करना बाकी है।उन सभी समस्याओं के निदान के लिए हम आगे भी अग्रसर रहेंगे। अबतक टुंडी से एनडीए से सीट नही दिए जाने पर उन्होंने कहा कि अगर अगर प्रत्याशी नहीं देते हैं तो हमें वाक ओवर भी दे सकते हैं। मथुरा प्रसाद के नामांकन में पहुंचे मांडू के पूर्व विधायक कांग्रेस नेता जयप्रकाश भाई पटेल ने कहा इंडी गठबंधन इस बार भी जीत दर्ज करेगी फिर हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बनेंगे ।
अन्य ने भी किया नामांकन दाखिल
सिंदरी विधानसभा के लिए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की श्रीमती उषा देवी ने निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।
धनबाद विधानसभा से निर्दलीय उम्मीदवार कुमार कौशल ने निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। झरिया विधानसभा से निर्दलीय उम्मीदवार सूरज सिंह ने निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री पीयूष सिन्हा के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।
वहीं विधानसभा चुनाव 2024 की अधिसूचना जारी होने के तीसरे दिन 17 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र खरीदे। आज 40 धनबाद विधानसभा के लिए सामान्य वर्ग के 5 व अनुसूचित जाति / जनजाति का 1, 41 झरिया विधानसभा के लिए सामान्य वर्ग में 3, 42 टुंडी के लिए सामान्य वर्ग के 4 व अनुसूचित जाति/ जनजाति का 1 तथा 43 बाघमारा विधानसभा के लिए सामान्य वर्ग में 3 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र खरीदे। जबकि 38 सिंदरी विधानसभा और 39 निरसा के लिए किसी ने नामांकन पत्र नहीं खरीदा।







