DHANBAD : धनबाद के बरवाअड्डा थाना अंतर्गत कशीयाटांड में बीते 24 अक्टूबर को शिक्षक राहुल मिश्रा का शव संदेहास्पद स्थिति में पाया गया था, पोस्टमार्डम में कई जगह चोट के निशान मिले थे। जिससे उनके परिजन और ब्राह्मण समाज हत्या मान रहा है। आज कुसुम बिहार में समाज की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था जिसमें समाज के कई लोग उपस्थित हुए और श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपस्थित विधायक राज सिन्हा ने राहुल मिश्रा मौत मामले में कहा कि ये हत्या का मामला है, चार दिन हो गए लेकिन पुलिस अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। कहा हेमंत सरकार में अपराध चरम पर है अपराध को नियंत्रित करने के लिए इस सरकार का जाना जरुरी है। निश्चित रूप से भाजपा की सरकार बनेगी तो राज्य वासियों को भयमुक्त माहौल देने का काम किया जाएगा।

वही समाजसेवी रमेश पाण्डेय ने सीधे तौर पर राहुल मिश्रा मौत मामले को हत्या करार देते हुए बरवाअड्डा पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाया हैं। उन्होंने कहा राहुल मिश्रा जिस स्कूल के शिक्षक थे उसी स्कूल के पास उनका शव पाया गया। पुलिस अभीतक स्कूल के CCTV फुटेज खंगालने का भी प्रयास नहीं कर रही है। उन्होंने कहा इस मामले में पुलिस अगर 48 घंटे के अंदर जाँच पूरी कर दोषी को गिरफ्तार नहीं करती है तो वृहत आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। थाना और एसएसपी कार्यालय के समक्ष धरना पर बैठ जाएंगे। साथ ही उन्होंने पुरे मामले की CBI से भी जाँच कराने की मांग की है।







