DHANBAD : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार के लिए धनबाद के निरसा पहुंचे। उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में पहले चरण का मतदान पूरा हो चुका है। पहले चरण के मतदान में रुझान बीजेपी के पक्ष में रहा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि झारखंड में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। बीजेपी की एंट्री धमाकेदार होने वाली है। मंच से उन्होंने निरसा से अपर्ण सेन गुप्ता, झरिया से रागिनी सिंह, और सिंदरी से तारा देवी को जिताने का आवाहन किया।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का 500 वर्षों का इंतजार अब खत्म हो चुका है. यहां तो सिर्फ पांच साल का इंतजार था। वह भी अब खत्म होने वाला है। योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड को लूटने वाले कांग्रेस, जेएमएम, राजद और माले इन्हें सत्ता से बेदखल करना है। यूपी के सीएम ने कहा कि जिस समय झारखंड निर्माण की बात हो रही थी, उस समय मैं गोरखपुर का सांसद था। संसद में झारखंड निर्माण पर कांग्रेस और राजद विरोध कर रहे थे। दोनों पार्टियों के लोग आज जेएमएम की गोद में बैठकर झारखंड को लूट रहे हैं। एक तरफ यह लूट रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वामपंथी को सिर पर बैठाकर नक्सलियों को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि धनबाद कोयला की राजधानी है। वामपंथी लोग यहां ब्लैकमेल कर रहे हैं यहां के लोग वामपंथी के ब्लैकमेल का शिकार हो रहे हैं। वामपंथी लोगों से हड़ताल करवाते हैं। ब्लैकमेल कर कमाते हैं, लेकिन मजदूर वहीं के वहीं हैं और वामपंथी मालामाल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो इन्हें रोकने का काम करते हैं, उनकी हत्या करवा देते हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी जानते हैं कि अपर्णा सेन गुप्ता के पति की हत्या कैसे हुई थी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि झारखंड विकास करेगा तो भारत भी विकास करेगा। लेकिन झारखंड जहां था, उससे भी बदतर करने का प्रयास किया जा रहा है।







