DHANBAD: (धनबाद) बहुजन समाज पार्टी धनबाद जिला के तत्वाधान में बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का शुक्रवार को 69वां महापरिनिर्वाण दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय (अंबेडकर चौक) पर स्थित बाबा साहब के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इसके पहले पार्टी का झंडा बैनर तले जुलूस के शक्ल में पहुंचे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष,जोन प्रभारी सुबल दास ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब डॉक्टर भीम राव अंबेडकर आजीवन देश के बहुसंख्यक शोषित वंचित समाज के उत्थान के लिए काम किया। उन्होंने देश को पुनः सोने की चिड़िया बनाने के लिए विश्व का सबसे अच्छा संविधान देश को दिया। मगर आज तक सत्ता में बैठने वाले कांग्रेस-बीजेपी की सरकार संविधान के प्रति गंभीर नहीं रही। जिसके चलते अक्षरतः संविधान देश में लागू नहीं हो पाया। वरना देश में गरीबी, भुखमरी, भ्रष्टाचार व असमानता नहीं दिखती। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष अभय कुमार ने कहा कि आज के समय हो रहे संविधान, आरक्षण व लोकतंत्र पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संविधान विरोधी और लोकतंत्र विरोधी ताकतें आज बाबा साहब के कार्यक्रमों में बाबा साहब का नाम लेकर हमारे लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं, जिससे समाज को सावधान रहने की जरूरत है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष गणेश भारती, जिला महासचिव मनोज दास, पूर्व सिंदरी विधानसभा के विधायक प्रत्याशी बाबूलाल रविदास, पूर्व जिला अध्यक्ष बाबूराम मांझी, बामसेफ के अशोक कनौजिया, राज कुमार, शिवकुमार दास, भोला प्रसाद, भारत रविदास समेत दर्जनों उपस्थित थे।







