DHANBAD (धनबाद): शुक्रवार की रात धनबाद रेलवे कोचिंग यार्ड के पास बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने रेलवे के ठेकेदार राजीव रंजन पर जानलेवा हमला किया। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसके बाद ठेकेदार राजीव रंजन ने धनसार थाना में लिखित शिकायत किया है।

राजीव रंजन ने बताया कि कोचिंग यार्ड में उनका कांट्रेक्ट का काम चलता है, शुक्रवार रात करीब नौ बजे ऑफिस का काम कर अपनी कार से लौट रहे थे, तभी कुछ बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद उन्होंने धनसार थाना को फोन पर इसकी सूचना दी। सूचना पर धनसार पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। राजीव रंजन ने बताया कि कुछ दिनों से व्हाट्सऐप कॉल पर उनसे पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी जा रही है। रंगदारी मांगनेवाले कह रहे हैं कि काम लिये हो, तो पैसे देने पड़ेंगे। धनसार थाना प्रभारी मनोज पाण्डेय ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







