JAMSHEDPUR (जमशेदपुर) : लौहनगरी जमशेदपुर के मानगो में रविवार की शाम ट्रांसपोर्टर संतोष सिंह की गोली मारकर अपराधियों ने हत्या कर दी। संतोष सिंह का बालीगुमा में ट्रांसपोर्ट थे। वे देर शाम मानगो बाजार से तगादा कर अपने घर मानगो गुरुद्वारा बस्ती भगत सिंह मार्ग लौट रहे थे, उसी वक्त गली में घात लगाये खड़े अपराधियों ने उनके सिर में दो गोलियां दाग दीं। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि ट्रांसपोर्टर संतोष सिंह स्कूटी से बाजार से घर लौट रहे थे कि पहले से घात लगाये अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली की आवाज सुनते ही वह स्कूटी से गिर गए और जान बचाने के लिए भागने लगे। लेकिन अपराधियों ने पीछा कर घर में घुस कर हत्या कर डाली। हत्या करने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गये। मृतक के भाई पूर्व कांग्रेसी नेता है। घटना के बाद गुरुद्वारा बस्ती में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखा बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हत्यारों की पहचान कर ली गयी है। संतोष सिंह की हत्या डब्बू दीक्षित के करीबियों ने की है। कुछ माह पहले डब्बू दीक्षित की भी हत्या कर दी गयी थी।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वो घर के बाहर बैठे थे। पत्नी टीवी देख रही थी और बच्चे खेल रहे थे। अचानक संतोष सिंह घर में घुसे, तो उनके पीछ तीन-चार युवक भी घुस गये। उनके हाथ में पिस्तौल थी। युवकों को देख पत्नी टीवी छोड़कर भाग गयी। इसके बाद अपराधियों ने घर में घुसकर संतोष सिंह को गोली मार दी। उन्होंने गेट बंद करने का प्रयास किया, तो उनलोगों ने पिस्तौल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। उसके बाद अपराधी काम तमाम कर फरार हो गए।







