BOKARO – (बोकारो): छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों का बदला लेने के लिए कई राज्यों में नक्सलियों पर कार्रवाई की जा रही है। बोकारो में नक्सलियों के खिलाफ चलाएं जा रहे ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को एक और कामयाबी हाथ लगी है। जब सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में दो माओवादियों को मार गिराया है। जानकारी के मुताबिक, बोकारो के नावाडीह प्रखंड के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के बंसी गांव के समीप बुधवार को सुबह में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में दो नक्सली के मारे जाने की बात सामने आ रही है। वही दो जवान के भी घायल होने की सूचना है। फिलहाल अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। आइए जानते हैं इस एनकाउंटर के बारे में खास बातें जो अब तक सामने आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बोकारो में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ के बारे में पुलिस ने जानकारी साझा की है। सुरक्षाबलों और माओवादियों की मुठभेड़ पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में तड़के सुबह हुई है। पुलिस ने बताया है कि इस एनकाउंटर में दो माओवादी मारे गए हैं। वहीं, अन्य माओवादियों की खोज में सुरक्षाबलों द्वारा क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
माओवादियों के साथ मुठभेड़ को लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया है कि मुठभेड़ स्थल से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ वाली जगह से एके-47 और इंसास राइफल जैसे आधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं।
इससे पहले ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर गरियाबंद इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 14 माओवादी ढेर कर दिए गए थे। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के दो जवान भी घायल हुए हैं। केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के एक संयुक्त दल ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया था। मारे गए नक्सलियों में 1 करोड़ का इनामी नक्सली जयराम उर्फ चलपती भी शामिल है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ वाले स्थल से एके 47, एसएलआर, इंसास और अन्य स्वचालित हथियार बरामद किए हैं।
बताया जाता है कि बोकारो एसपी को सूचना मिली थी कि रणविजय महतो की गिरफ्तारी के बाद 6 नक्सलियों का सशस्त्र दस्ता ऊपरघाट के जरवा एवं बंशी के जंगल में मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस एवं सीआरपीएफ के जवानों के साथ बोकारो एसपी ने उक्त एरिया की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को देखकर नक्सलियों ने उनको निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाल लिया और देखते ही देखते दोनों ओर जमकर गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ में एक महिला नक्सली सहित 2 नक्सलियों के मारे जाने एवं 2 पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। समाचार लिखे जाने तक दोनों ओर से मुठभेड़ जारी है। पुलिस ने चारों ओर से नक्सलियों को जंगल में घेर रखा है।







