MAHARASHTRA (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के जलगांव परांडा स्टेशन के पास भीषण ट्रेन हादसा हुआ है। इस हादसे में अब तक आठ लोगों के मौत की खबर सामने आई है। वहीं, 40 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। हादसे की तस्वीरें रौंगटे खड़े कर देने वाली हैं। इस हादसे ने ओडिशा में हुए बालासोर स्टेशन पर हुए हादसे की यादें ताजा कर दी हैं।

घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार जब यह हादसा हुआ तो पुष्पक एक्सप्रेस परांडा रेलवे स्टेशन के पास रुकी हुई थी। उस दौरान B4 में स्पार्किंग हुई थी। इसी बीच, यात्रियों के बीच यह अफवाह फैल गई कि ट्रेन में आग लग गई है, जिसकी वजह से अफरा-तफरी मच गई। आनन फानन में लोग ट्रेन से कूदकर ट्रैक पर आ गए। उसी वक्त मनमाड से चलकर भुसावल की ओर जा रही कर्नाटक एक्सप्रेस दूसरे ट्रैक से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। इस घटना में आठ लोग के मौत हो जाने की सूचना है।

हादसे के बाद रेलवे के अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। यह भी दावा किया जा रहा है कि जहां पर यह हादसा हुआ है वहां शॉर्प टर्न था। जिसके कारण ट्रैक पर मौजूद पुष्पक एक्सप्रेस के यात्रियों को कर्नाटक एक्सप्रेस के आने का पता नहीं चल सका। रेलवे अधिकारियों ने भी हादसे की पुष्टि की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रेक लगने पर पुष्पक एक्सप्रेस के पहियों से धुंआ निकला था, जिसको देखकर यात्री भय में आ गए। उन्हें लगा की ट्रेन में आ लग गई है। जैसे ही यात्रियों में इसकी अफवाह फैली, वे कोच से बाहर कूदने लगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे की शिकार ट्रेन 12629 कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस यशवंतपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही थी। वहीं, पुष्पक एक्सप्रेस लखनऊ आ रही थी।







