DHANBAD (धनबाद): आगामी 4 फरवरी को झारखंड मुक्ति मोर्चा का धनबाद में 53वां स्थापना दिवस समारोह गोल्फ ग्राउंड में होना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन समेत कई सांसद और विधायक पहुंचेंगे। कार्यक्रम की तैयारी अंतिम चरण में है। एक और पार्टी के कार्यकर्ता पंडाल बनवा बनवा रहे है, बैनर – पोस्टर लगा रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर तैयारी की जा रही है। शनिवार को धनबाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी माधवी मिश्रा तथा वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन सहित कई अधिकारी गोल्फ ग्राउंड पहुंचे और निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
कार्यक्रम दोपहर में होना है इस क्रम में उन्होंने आयोजकों को मुख्यमंत्री का बरवाअड्डा हवाई अड्डे पर स्वागत करने, माननीय मुख्यमंत्री के साथ मंच पर उपस्थित रहने वाले, कार्यक्रम के समापन के बाद माननीय मुख्यमंत्री को बरवाअड्डा हवाई अड्डे पर विदाई देने वाले व्यक्तियों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा।
साथ ही कार्यक्रम के दिन वाहनों की पार्किंग, वाहन पास, ट्राफिक प्लान इत्यादि को लेकर भी दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने भवन प्रमंडल को स्टेज, पंडाल इत्यादि की जांच करने, अग्निशमन पदाधिकारी को अग्निशमन वाहन तैनात करने सहित संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मौके पर उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन, सिटी एसपी अजीत कुमार, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह के अलावा अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।







