DHANBAD (धनबाद): पत्रकार निकेश पांडे पर हमला और अपहरण के प्रयास मामले में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने के खिलाफ पत्रकारों के द्वारा अब आंदोलन छेड़ दिया है। शुक्रवार को कतरास और राजगंज थाना प्रभारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पत्रकारों ने धनबाद के रंधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय आंदोलन किया गया।
आंदोलन के दौरान “कतरास थाना प्रभारी मुर्दाबाद”, “राजगंज थाना प्रभारी मुर्दाबाद” और “थाना प्रभारी को निलंबित करो” जैसे नारे गूंजे। विरोधस्वरूप पत्रकारों ने दोनों थाना प्रभारियों का पुतला दहन कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
पत्रकारों ने अपने संबोधन में हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की अपील की, ताकि भविष्य में ऐसे हमले न हों। वही दोषियों पर कार्रवाई की मांग और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त से मिलकर ज्ञापन सौंपा। इस आंदोलन में जिलेभर के पत्रकार शामिल हुए।







